(Ref:http://en.wikipedia.org)
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कमर पर बच्चे को बांध
हाथ में पत्थर तोड़ने का सामान लेकर
निकल जाती है
शहर में रहने वाली
गाँव की आधी -अधूरी मजबूरी
प्लास्टिक के ऊपर
अंग्रेज़ी समाचार पत्र पर
कुपोषित, नग्न बचपन
शहर के विकास का साक्षी होकर
बनते घर की छाँव में
पत्थर तोड़ती माँ को देखकर
सो जाएगा , सोचकर
तपती धूप में
पत्थर के ढेर पर
टक टकायी लगाये बैठी है
शहर में रहने वाली
गाँव की आधी -अधूरी मजबूरी
ऊँची और अधिक ऊँची
मीनारों के नीचे
मिट्टी -रेत और पत्थरो से
खेलता बढ़ता बचपन
सिर पर टोकरी रख कर
कब चढ़ने लगा !
तपती दोपहर में
मीनारों की छाँव में
टक टकायी लगाये
बैठी देखती रह गयी
शहर में रहने वाली
गाँव की आधी -अधूरी मजबूरी
शहर के विकास में
भविष्य की खिड़की से
झाँकता हुआ
शहर में रहने वाला गाँव
बूढ़ा हो गया !
और बूढ़ी हो गयी
गाँव की आधी -अधूरी मजबूरी


